Fiber benefits in hindi : फाइबर के फायदे, फाइबर की कमी के लक्षण, फाइबर के स्रोत, फाइबर युक्त भोजन, शरीर के लिए क्यों जरूरी है फाइबर?
स्वस्थ रहने के लिए शरीर को ढेर सारे पोषक तत्वों की जरूरत होती हैं जैसे- प्रोटीन, विटामिन्स, मिनरल्स, कार्बोहाइड्रेट आदि। इनमें से ही एक है फाइबर। फाइबर भी हमारे शरीर के लिए उतना ही जरूरी है जितना कि अन्य पोषक तत्व। अगर शरीर में फाइबर की कमीं हो जाये तो कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कई समस्याएं जैसे- कब्ज, सुस्त पाचन, वजन बढ़ना आदि के पीछे का एक कारण फाइबर की कमी भी होता है। यह एक ऐसा तत्व है जिसे हमारा शरीर अवशोषित नहीं कर सकता है। यह बिना पाचन के ही हमारे शरीर से बाहर निकल जाता है।
फाइबर के फायदे/क्यों जरुरी है फाइबर – Fiber benefits in hindi
- उच्च फाइबर युक्त भोजन लेने से शरीर को स्वस्थ और स्लिम रखने में मदद मिलती है। यह शरीर में कोलेस्ट्रॉल और रक्त शर्करा की मात्रा को नियंत्रित करता है। इसके अलावा फाइबर के फायदे बहुत हैं जो इस प्रकार है।
- यह हमारे द्वारा ग्रहण किये गए भोजन को आंतो तक पहुचाने में और शरीर में उपस्थित हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
- खाने में फाइबर युक्त चीजों का नियमित सेवन करने से आंत की बीमारी, हृदय, और गर्भाशय के कैंसर होने की संभावना कम हो जाती है।
- आंतो की सफाई के साथ ही यह बवासीर की रोकथाम में बहुत ही लाभकारी होता है।
- पर्याप्त मात्रा में फाइबर का सेवन करने से हृदय रोग और स्ट्रोक के खतरे को कम किया जा सकता है।
- शरीर को फाइबर की उचित मात्रा न मिलने पर पाचन से संबंधित बीमारी व कब्ज होने की आशंका बढ़ जाती है। यह हमें इन समस्याओं से बचाने में मदद करता है।
- यह शरीर में उपस्थित बुरे कोलेस्ट्रॉल को कम करके अच्छे कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को बढ़ाता है।
- आस्ट्रेलिया के मोनाश यूनिवर्सिटी में हुए एक अध्ययन के अनुसार फाइबर युक्त भोजन की अच्छी मात्रा शरीर में सफेद रक्त कोशिकाओं को बढ़ाकर फ्लू और जुकाम से बचाव में मदद करता है।
फाइबर की आवश्यकता: किसको है कितनी जरूरत
अच्छे स्वास्थ्य व इसकी कमी से बचने के लिए उम्र व शारीरिक परिस्थितियों के अनुसार इसकी आवश्यकता होती है। 50 साल से कम उम्र के पुरुषों के लिए एक दिन में लगभग 40 ग्राम फाइबर जरूरी माना जाता है।
जबकि महिलाओं में लगभग 30 ग्राम। उम्र बढ़ने पर इसकी आवश्यकता भी कम होती जाती है। 50 साल से ऊपर के व्यक्ति को 30 ग्राम व महिलाओं को 25 ग्राम फाइबर लेना जरूरी माना जाता है।
दो प्रकार के होते हैं फाइबर
भोजन में पाया जाने वाला फाइबर मुख्य रूप से दो प्रकार के होते हैं।
1. घुलनशील फाइबर
घुलनशील फाइबर वाली चीजें ज्यादा पानी सोखती हैं और गाढ़े तरल पदार्थ का रूप ले लेती हैं। ये फाइबर पेट में शर्करा, कोलेस्ट्रॉल और वसा को अपने साथ लेकर पाचन तंत्र में नीचे की तरफ लाता है। इनके पाचन में ज्यादा समय लगता है। यही कारण है कि इसके सेवन से देर तक पेट भरा होने का एहसास होता है।
2. अघुलनशील फाइबर।
इस प्रकार के फाइबर के स्रोत कम मात्रा में पानी सोखते हैं। और इनका पाचन भी नहीं होता है। अघुलनशील फाइबर आंतो में उपस्थित अपशिष्ट पदार्थों को शरीर से बाहर निकालने में सहायता प्रदान करते हैं। फाइबर के दोनों ही प्रकार हमारे शरीर के लिए महत्वपूर्ण होते हैं।
फाइबर युक्त भोजन/फाइबर के स्रोत – Fiber foods in hindi
- घुलनशील फाइबर मुख्य रूप से कई प्रकार के बीन्स ( राजमा, लोबिया), फली, ओट्स, ज्वार, बाजरा, रागी, जौ, सोयाबीन, अलसी, इसबगोल, और फलों में जैसे- केला, सेब, पपीता, नासपाती, अमरूद, स्ट्रॉबेरी व अन्य खट्टे फलों में यह भरपूर मात्रा में होता है।
- अघुलनशील फाइबर ज्यादातर साबुत अनाज, मसूर की की दाल, ब्रॉउन राइस, मक्का की भूसी, दलिया, गाजर, हरे सेम की फलियों में, हरी सब्जियां, ब्रॉकली, मटर, बंद गोभी, शलजम, भिंडी, फल व सब्जियों के छिलकों में पाया जाता है।
फाइबर की कमी के लक्षण – Fiber ki kami ke lakshan
भोजन में पर्याप्त मात्रा में फाइबर न लेने से कब्ज की शिकायत हो जाती है, मलत्याग करने में परेशानी होती है और पेट ठीक से साफ नहीं होता है। ज्यादा तैलीय चीजें जिनमें फाइबर की मात्रा कम होती है, उनका सेवन करने से वजन बढ़ने लगता है।
फाइबर युक्त चीजों को पचाने में शरीर को ज्यादा कैलोरी की आवश्यकता होती है। इसी कारण उन लोगों को जिन्हें वजन कम करना होता है, विशेषज्ञ उन्हें प्रतिदिन 35 से 50 ग्राम फाइबर लेने की सलाह देते हैं। इसके अलावा फाइबर की कमी से शरीर में कमजोरी भी महसूस होने गलती है।
ऐसे लोग जिन्हें डाइबिटीज हैं, अगर उनमें ब्लड शुगर को नियंत्रित करने में परेशानी हो रही है तो इसका एक कारण फाइबर की कमी भी हो सकती है। इन सभी समस्याओं से बचने के लिए भोजन में पर्याप्त मात्रा में फाइबर युक्त चीजों को शामिल करते रहना चाहिए।
निष्कर्ष:
यह है फाइबर से सम्बंधित कुछ महत्वपूर्ण जानकारी ‘फाइबर के फायदे, यह स्वास्थ्य के लिए क्यों जरूरी है, इसकी कमी के लक्षण व फाइबर के स्रोत’ आशा है यह लेख आपको पसंद आया होगा। यह लेख आपको कैसा लगा हमें कमेंट में लिख लर बताएं। साथ इसे अन्य लोगों के साथ भी शेयर करें।
धन्यवाद।