दूध और दूध से बने उत्पाद एवं उनके फायदे – Milk and Milk Products Benefits in Hindi

हल्की-फुल्की चोट या सर्दी-जुकाम में हल्दी वाले गरम दूध के फायदे सभी जानते हैं। विभिन्न शोधों के अनुसार दूध पीना कई तरह के रोगों में फायदेमंद है। सर्दियों में दूध को सम्पूर्ण आहार का पर्याय माना ही जाता है।

राष्ट्रीय डेयरी परिषद के अनुसार कैल्शियम, पोटैशियम, प्रोटीन, फॉस्फोरस, राइबोफ्लेविन, नियासिन और विटामिन- ए, डी और बी-12 जैसे 9 जरूरी पोषक तत्व दूध में प्रचुरता में होते हैं, जो शरीर के लिए जरूरी होते हैं। आइये जानते हैं दूध और दूध से बने उत्पाद के अन्य महत्वपूर्ण फायदे। (Milk and Milk Products Benefits)

दूध और दूध से बने उत्पाद एवं उनके फायदे – Milk and Milk Products Benefits in Hindi

ये हैं दूध के फायदे – Milk Benefits

  1. दूध में मौजूद प्रोटीन व कैल्शियम मांसपेशियों के विकास में सहायक हैं। दूध का प्रोटीन प्राकृतिक और अच्छी गुणवत्ता वाला होता है। कड़ी मेहनत के बाद दूध पीना थकावट दूर करता है।
  2. दूध में एमिनो एसिड ट्रायटोफन पाया जाता है, जो अच्छी नींद लाने में मदद करता है।
  3. दूध में मौजूद कैल्शियम, आयोडीन और फॉस्फोरस दांतो और जबड़ों को मजबूत बनाने का काम करते हैं।
  4. एक हालिया रिपोर्ट है कि सभी प्रकार के दूध में भारतीय देसी गाय का दूध, जिसे ए-2 कहते हैं, सबसे फायदेमंद है। यह दूध लगभग मां के दूध के बराबर पाया गया है, जिसमें मधुमेह, कैंसर से दूर रखने की क्षमता पाई गई है।
  5. विटामिन बी-12 की कमीं होने पर याददाश्त संबंधी गड़बड़ियां होने की आशंका बढ़ जाती हैं। दूध विटामिन बी-12 का उत्कृष्ट स्रोत है, जो अल्जाइमर जैसे रोगों की आशंका कम करता है।
  6. सही आहार के साथ टोंड दूध का सेवन शरीर से अतिरिक्त चर्बी से छुटकारा दिलाने में मददगार हो सकता है।
  7. नियमित दूध पीना मेटाबॉलिक सिंड्रोम का खतरा 62 फीसदी तक कम करता है। मधुमेह व हृदय रोगों की आशंका कम करता है।

दूध से बने उत्पाद और उनके फायदे – Milk Products Benefits in Hindi

दूध के ही परिवर्तित रूप हैं दही, छाछ, मक्खन, घी और पनीर। बनाने का तरीका अलग होने के कारण इसके गुण भी बदल जाते हैं। सही ढंग से इस्तेमाल करें तो ये दुग्ध उत्पाद सेहत में चार चाँद लगा सकते हैं।

तो आइए अब जानते हैं, दूध से बने उत्पाद और उनके फायदे-

फायदेमंद पनीर

Milk Products Benefits in Hindi

पनीर में वे सारे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो दूध में मिलते हैं। एक नई खोज है कि पनीर दांतो के इनमेल की खासतौर से रक्षा करता है। पनीर खाने से कई तरीके प्रचलित हैं। सब्जी, पराठा, मिठाई, समोसा, सलाद ले अलावा कच्चा पनीर खाना भी फायदेमंद है।

ये हैं पनीर के फायदे – Paneer Benefits

  1. शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। पनीर हड्डियों को मजबूती देता है। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को खासतौर से पनीर खाना चाहिए।
  2. पनीर में कैल्शियम की मात्रा होती है। यह दांतों को मजबूत बनाने के लिए जरूरी है। पनीर में लैक्टोस बहुत कम पाया जाता है, जिससे दांतों को नुकसान पहुंचने की आशंका कम हो जाती है। पनीर सेल्विया के प्रवाह में भी गति लाता है और दांतों से एसिड और शर्करा की सफाई करता है।
  3. त्वचा की चमक बढ़ती है। रक्तचाप काबू में रहता है। और ब्रेस्ट कैंसर की आशंका कम होती है।
  4. इसमें पाया जाने वाला विटामिन ए दिल, गुर्दे और आंखों की रोशनी के लिए लाभप्रद है। इसका विटामिन बी12 नर्वस सिस्टम को दुरुस्त रखता है।
  5. इसमें ओमेगा-3 भी पाया जाता है, जो दोनों तरह के मधुमेह में फायदा पहुंचाता है।

दही का दम

सर्वेक्षणों के अनुसार बुल्गारिया के लोग अधिक जीते हैं। इसका मुख्य कारण है कि उनके भोजन में दही भरपूर होता है। अध्ययन कहते हैं कि रोज दही खाने वाले स्वस्थ व दीर्घायु होते हैं।

ये हैं दही के फायदे – Curd Benefits

  1. नियमित दही खाने से कोलेस्ट्रॉल, रक्तचाप व रक्तप्रवाह ठीक रहता है। हृदय रोगों की आशंका घट जाती है।
  2. दही खाने से शरीर पर अतिरिक्त चर्बी जमा नहीं होती। पेट में गर्मी और जलन में भी फायदा पहुंचाता है।
  3. दही कैल्शियम का बढ़िया स्रोत है। इससे हड्डियों और दांतों की मजबूती बनी रहती है।
  4. जिनका पाचन कमजोर हो, उन्हें नियमित कुछ दिनों तक दही का सेवन करना चाहिए। इससे आंतो में लाभप्रद बैक्टीरिया की तादाद बढ़ती है और आंते सबल होती हैं।
  5. दही खाने के अलावा त्वचा पर लगाने के भी काम आता है। इसमें मौजूद विटामिन-ए, जिंक और फॉस्फोरस त्वचा की चमक बढ़ाने का काम करते है। दही में बेसन मिलाकर लगाने से त्वचा स्वस्थ बनती है। मुल्तानी मिट्टी व दही सिर में लगाने पर बालों का झड़ना कम होता है।
  6. दही से बना श्रीखंड पित्त को संतुलित रखता है।

वाह! छाछ

छाछ बनाने के लिए दही को पानी मिलाकर मथा जाता है और फिर मक्खन निकाल लेते हैं। जिन्हें वसा से परहेज है, उन्हें छाछ पीनी चाहिए। छाछ आंतो की सेहत सुधारती है। सुपाच्य भी है।

ये है छाछ के फायदे – Chach Benefits

  1. छाछ पीने से अफारा, भूख न लगना व अपच में आराम मिलता है। बवासीर, मूत्र विकार आदि में लाभ होता है।
  2. अजवायन मिलाकर छाछ पीने से कब्ज दूर होता है। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। यह ओस्टियोपोरोसिस से दूर रखती है।
  3. छाछ में वसा व कैलोरी कम होती है। अल्सर की बीमारी में यह काफी लाभप्रद है।

घी खाइए सेहत बनाइए –

घी मतलब देशी घी। आर्युवेद में देसी गाय के घी की ही महिमा बताई गई है। आज घी के नाम पर ज्यादातर लोग बटर ऑइल खा रहे हैं। बड़ी-बड़ी डेयरियों में मशीनों द्वारा दूध से सीधे क्रीम निकल ली जाती है और उसे गरम कर घी बनाते हैं।

यह घी नहीं ‘बटर ऑयल’ हुआ। सिर्फ वसा। यह नुकसानदेह होता है। घी बनाने का सही तरीका यह है कि पहले दूध से दही जमाया जाए, फिर उसमें से मक्खन निकालकर घी बनाया जाए। इसके बाद ही घी में औषधीय गुण पैदा होता है।

ये हैं देशी घी के फायदे – Desi Ghee Benefits

  1. स्वस्थ मस्तिष्क के लिए घी फायदेमंद है। एक गिलास दूध में एक चम्मच घी और दो चम्मच शहद मिलाकर पीना लाभ पहुंचाता है।
  2. घी बुढ़ापे को पीछे धकेलता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट फ्री रेडिकल को नष्ट करते हैं। घी में विटामिन के-2 होता है, जो हड्डियों की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है।
  3. सोने से पहले नाक में दो बूंद गाय का घी डालने से कई तरह के शिरारोगों में आराम मिलता है। इसमें मौजूद विटामिन ए आंखों की रोशनी बढ़ाता है।
  4. घी खाने वालों के लिए पर्याप्त श्रम करना जरूरी है। यह कई तरह के त्वचा रोगों से रक्षा करता है।

मक्खन खाइए भी, लगाइए भी

मक्खन में वे सारे पौष्टिक तत्व होते हैं, जो घी और छाछ में होते हैं, पर यह घी की तुलना में जल्दी पच जाता है। कई मायने में यह घी से ज्यादा फायदेमंद है। मक्खन गुणों में हल्का, शीतल और पौष्टिक है। यह दिमाग को ताकत देता है।

खास बात है कि गाय के दूध से निकाला गया मक्खन एच डी एल यानी फायदेमंद कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में सहायक है।

बुखार में घी नुकसानदेह है, पर मक्खन को शक्कर के साथ मिलाकर खाने से पुराना बुखार जल्दी ठीक करने में मदद मिलती है। मक्खन की मालिश से त्वचा चमकदार बनती है। चर्मरोगों से भी मुक्ति मिलती है।

मक्खन के बेहतरीन फायदे – Butter Benefits

  1. रोज एक चम्मच मक्खन खाने से काया सुडौल बनती है। शोध कहते हैं कि रोज एक-दो चम्मच मक्खन खाना हृदय रोग की आशंका कम करता है।
  2. मक्खन में विटामिन-ए भरपूर होता है। दूध के अन्य उत्पादों की तुलना में आंखों के लिए मक्खन ज्यादा फायदेमंद है।मधुमेह के रोगी भी मक्खन मजे में खा सकते हैं।
  3. एक-दो चम्मच मक्खन रोज खाने से आंतों की क्षमता बढ़ती है। इसमें मौजूद सेलेनियम मूड बेहतर बनाता है।
  4. त्वचा पर इसकी मालिश से त्वचा में भी जान-से आ जाती है।

Leave a Comment